बुनियाद केंद्र अररिया व फारबिसगंज में शुरू हुई CSC सेवा

बुनियाद केंद्रों में कॉमन सर्विस सेंटर शुरू होने से अब आधार अपडेट, ऑनलाइन आवेदन और अन्य डिजिटल सेवाएँ लाभार्थियों को एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

अररिया।
जिले में डिजिटल सेवाओं की पहुँच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुनियाद केंद्र अररिया सदर और बुनियाद केंद्र फारबिसगंज में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य वृद्धजन, दिव्यांगजन और अन्य लाभार्थियों को एक ही परिसर में आवश्यक डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि बुनियाद केंद्रों में CSC सेवा शुरू होने से अब लोगों को आधार अपडेट, विभिन्न ऑनलाइन आवेदन और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि अब ये सभी सुविधाएँ बुनियाद केंद्र परिसर में ही उपलब्ध रहेंगी, जिससे विशेष रूप से वृद्ध और दिव्यांग लाभार्थियों को काफी राहत मिलेगी।

फारबिसगंज बुनियाद केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला प्रबंधक सक्षम नवीन कुमार नवीन ने भी इस पहल को लाभार्थियों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि बुनियाद केंद्रों में आने वाले लोगों को अब सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई ऑनलाइन सेवाएँ एक ही स्थान पर मिल सकेंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

कार्यक्रम में सीएससी फारबिसगंज के संचालक रोहित रंजन और रितेश कुमार ने मौजूद लोगों को CSC प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का प्रदर्शन कर जानकारी दी। वहीं जिला प्रबंधक, CSC रविन्द्र कुमार ने भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मिलने वाली विभिन्न सरकारी और जनसेवा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बुनियाद केंद्र के कई कर्मी मौजूद रहे। इनमें केस मैनेजर करुण कुमार, सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट तरन्नुम निगार, स्पीच एवं हियरिंग विशेषज्ञ कुमार साहेब, राजा कुमार, हरदेव मंडल और सनोज कुमार सहित अन्य कर्मियों ने भी भाग लिया।

इसके अलावा CSC टीम से जुड़े नदीम अहमद (प्रखंड VLE), सलमान जावेद (रानीगंज प्रखंड VLE), मेराज आलम और मो. असद सहित अन्य प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

स्थानीय स्तर पर बुनियाद केंद्रों में CSC सेवा शुरू होने को प्रशासन की उस कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जिसके जरिए डिजिटल इंडिया पहल के तहत ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को सरकारी व ऑनलाइन सेवाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *