शिक्षिका पर गंभीर आरोप,24 घंटे में मांगा गया स्पष्टीकरण

विभूतिपुर/समस्तीपुर। प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय,खादियाही में कार्यरत एक शिक्षिका के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभूतिपुर द्वारा जारी पत्रांक BRC/BIB/MGT/2026/291 (दिनांक 02 अप्रैल 2026) के माध्यम से संबंधित शिक्षिका से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, विभूतिपुर पूरब की प्रधानाध्यापिका द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त शिक्षिका विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को लगातार प्रभावित कर रही हैं। साथ ही विभाग द्वारा कराए जा रहे नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करने और सहकर्मी शिक्षकों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की भी शिकायत की गई है। शिक्षा विभाग ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए इसे शिक्षक धर्म के विरुद्ध आचरण बताया है। विभाग का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करती हैं,बल्कि सरकारी कार्यों में भी व्यवधान उत्पन्न करती हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि संबंधित शिक्षिका 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला अथवा व्यवहार में सुधार नहीं हुआ,तो नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है और आगे की कार्रवाई शिक्षिका के स्पष्टीकरण के आधार पर तय की जाएगी।

संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *