बिहार पुलिस सप्ताह 2026: अररिया में बाइक रैली व मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला

अररिया। बिहार_पुलिस_सप्ताह_2026 के प्रथम दिन जिले में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच जन-सहभागिता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। नगर थाना से शुरू हुई यह रैली चांदनी चौक, जीरो माइल और बस स्टैंड होते हुए पुनः नगर थाना परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली का नेतृत्व रक्षित डीएसपी सुधीर कुमार ने किया।

रैली में अपर थाना प्रभारी संजीव कुमार, पुष्कर कुमार, महिला थाना अध्यक्ष कुमारी अंचला, एससी-एसटी थाना अध्यक्ष पूजा कुमारी, सोनिया साहेनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। सड़कों पर गूंजते नारों और मोटरसाइकिलों की आवाज ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जन-जन तक पुलिस की पहुंच बढ़ाना, सुरक्षा का संदेश देना और समाज में सहयोग एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है। 22 से 27 फरवरी तक आयोजित इस विशेष सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसी कड़ी में ‘खेलो बिहार पुलिस के साथ’ थीम पर अररिया पुलिस केंद्र में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) की उपस्थिति में आयोजित इस मैच में पुलिस बल और आम जनता के खिलाड़ियों ने भाग लिया। पुलिस लाइन में खेले गए मुकाबले में आर एस टीम और पुलिस टीम आमने-सामने रही।

मुख्य अतिथि डीएसपी मनोज कुमार सिंह और साइबर डीएसपी रजिया सुल्ताना ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और पुलिस-पब्लिक समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस सप्ताह के पहले दिन आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जुड़ाव भी पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। जनभागीदारी से ही सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *