पटना में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई रफ्तार देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना पर काम तेज गति से जारी है। पटना रिंग रोड से एम्स गोलंबर के बीच 10.5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विभागीय लक्ष्य के अनुसार इस मार्ग को अगले वर्ष जनवरी तक आमजन के लिए चालू करने की योजना है। अब तक करीब 32 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
यह सड़क रिंग रोड यानी बिहटा-सरमेरा मार्ग में स्थित नेवा अंडरपास से जुड़ेगी। परियोजना के पूरा होने के बाद रिंग रोड से एम्स तक आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर पीक ऑवर में एम्स गोलंबर के आसपास लगने वाले जाम की समस्या में कमी आएगी।
पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार बिहटा की ओर से आने वाले वाहन कन्हौली मार्ग से होते हुए बिहटा-सरमेरा रिंग रोड पर लगभग 21 किलोमीटर की दूरी तय कर नोवा पहुंचेंगे। वहीं दनियावां की ओर से आने वाले वाहन करीब 35 किलोमीटर की दूरी तय कर इस मार्ग से जुड़ सकेंगे। इससे शहर के भीतर प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
बुधवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवापथ चौड़ीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए।
परियोजना पर बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण पर 138.50 करोड़ रुपये और पुल निर्माण पर 73.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नौबतपुर लख के पास प्रस्तावित फ्लाइओवर निर्माण का कार्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है।
इस सड़क के चालू होने के बाद उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। रिंग रोड से एम्स गोलंबर, फिर पाटलिपथ होते हुए दीघा और वहां से जेपी गंगा पथ के जरिए उत्तर बिहार तक सीधा और अपेक्षाकृत जाममुक्त सफर संभव हो सकेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 10,871 करोड़ रुपये की 32 योजनाओं पर भी कार्य जारी है। संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग और समयसीमा के भीतर योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यह परियोजना राजधानी के यातायात ढांचे में बड़ा बदलाव लाने वाली मानी जा रही है।