अररिया में बाल विवाह रोकथाम रथ रवाना

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की मुहिम तेज

अररिया में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान की शुरुआत की है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन और जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई शंभु कुमार रजक और जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस कविता कुमारी ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना किया। यह अभियान आठ मार्च तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होगा।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है, जिसे खत्म करने के लिए हर नागरिक को सजग रहना होगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी बाल विवाह की घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। वहीं सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार ने बताया कि रथ यात्रा के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम और संबंधित कानूनों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सूचना देने के लिए 1098 के अलावा बचपन बचाओ आंदोलन के टोल फ्री नंबर 18001027222 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अभियान का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाकर बाल विवाह जैसी कुरीति पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बन सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *