-
नियोजन मेला बना रोजगार का सशक्त मंच, 326 अभ्यर्थी चयनित
-
जिला नियोजनालय के आयोजन में 18 निजी नियोजकों ने दी भागीदारी
अररिया: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय अररिया के तत्वाधान में संयुक्त श्रम भवन में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा। मेले में कुल 326 अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से चयन किया गया, जबकि 1147 युवाओं ने विभिन्न निजी कंपनियों के समक्ष अपना बायोडाटा प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विनोद दुहन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि नियोजन मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है। इससे जिले के साथ-साथ पूरे बिहार में रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी योग्यता के अनुरूप अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
मेले में कुल 18 निजी नियोजकों ने भाग लिया और लगभग 800 रिक्तियां उपलब्ध कराईं। कंपनियों को कुल 1147 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 326 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसके अलावा 4 स्टॉलों के माध्यम से 371 अभ्यर्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा स्टडी किट एवं कुशल युवा कार्यक्रम से संबंधित प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में सहायक निदेशक (नियोजन) अमित कुमार, श्रम अधीक्षक अररिया, प्राचार्य महिला आईटीआई फारबिसगंज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एवं जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र के प्रबंधक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला नियोजन पदाधिकारी आदित्य प्रकाश, जिला कौशल प्रबंधक रवि कुमार एवं जिला नियोजनालय के कर्मियों द्वारा किया गया।
नियोजन मेले की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि अवसर और मार्गदर्शन मिले तो जिले के युवा निजी क्षेत्र में भी बेहतर संभावनाएं तलाश सकते हैं।