पूर्णिया में बच्चा चोरी गिरोह का पर्दाफाश

  • पूर्णिया में अपहृत मासूम की बरामदगी, गिरोह का सरगना गिरफ्तार

पूर्णिया: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से तीन दिन पूर्व अगवा किए गए छह वर्षीय पिक्कू सहनी को पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पूर्णिया से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में बच्चा चोरी गिरोह के एक सरगना को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी को बच्चे के पिता ने माल बाजार थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही बंगाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को जलपाईगुड़ी से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बच्चे को 40 हजार रुपये में पूर्णिया में बेच दिया गया है।

इस सूचना के आधार पर बंगाल पुलिस की टीम देर रात पूर्णिया पहुंची और के हाट थाना पुलिस से संपर्क साधा। संयुक्त टीम ने शहर के रंगभूमि मैदान स्थित एक टेंट में छापेमारी की, जहां खानाबदोश परिवार अस्थायी रूप से रह रहा था। पुलिस ने वहां संचालित हो रहे जड़ी-बूटी केंद्र से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

छापेमारी के दौरान उत्तर प्रदेश निवासी जड़ी-बूटी विक्रेता सुरेश प्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने बच्चे को 40 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

के हाट थाना प्रभारी उदय कुमार ने बताया कि बंगाल पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर बच्चा चोरी गिरोह की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के पास भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *