पूर्णियां : शहर के जनता चौक स्थित काली मंदिर के समीप स्टूडेंट क्लब की ओर से पुलवामा के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दिन को युवाओं ने ब्लैक डे के रूप में मनाते हुए देश के वीर जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और कैंडल जलाकर उनकी कुर्बानी को याद किया। माहौल पूरी तरह भावुक रहा और देशभक्ति के नारों से इलाका गूंज उठा। युवाओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए सुधीर कुमार ने कहा कि देश के सैनिक अपनी जान की बाजी लगाकर सीमाओं की रक्षा करते हैं, तभी देशवासी अपने घरों में सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे जवान देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ऐसे में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर सुधीर साह, सुनील कुमार साह, आर्यन भारती, स्नेह रंजन, विनोद जायसवाल, मोनू पोद्दार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहीदों की शहादत को देश कभी नहीं भूलेगा।
