पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश में अपराध और नक्सलवाद को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सक्रिय सभी नक्सलियों को अगले दस दिनों के भीतर खत्म करने की कार्रवाई की जाएगी। उनके इस बयान के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें “कचड़ा साफ करने” की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने मंच से मौजूद लोगों से पूछा कि “कचड़ा का मतलब समझते हैं न?” इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि एक ओर सड़कों की सफाई हो रही है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों की सफाई भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक-एक अपराधी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उनका कहना था कि आम लोगों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। कार्यक्रम में बिहार सरकार के खेल मंत्री सह जमुई विधायक श्रेयसी सिंह, गिद्धौर विधायक दामोदर रावत, कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह समेत खेल विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान विकास को लेकर भी बातें की गईं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह भगवान महावीर के जन्मस्थान पर श्रद्धालु पहुंचते हैं, उसी तरह जंगलों की खूबसूरती देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग आएंगे। उन्होंने कहा कि जमुई, लखीसराय और मुंगेर क्षेत्र कुछ मामलों में पीछे जरूर रहे हैं, लेकिन अब इन जिलों को विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बुनियादी ढांचे, खेल सुविधाओं और पर्यटन को बढ़ावा देकर क्षेत्र की तस्वीर बदली जाएगी। साथ ही अपराध मुक्त माहौल तैयार कर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। डिप्टी सीएम का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। अब देखना होगा कि दस दिनों में नक्सलियों के खिलाफ सरकार किस स्तर तक कार्रवाई कर पाती है।