बरहट वार्ड नंबर-1 में पुलिस की छापेमारी, 08 ग्राम स्मैक व 2040 रुपये नकद भी जब्त
दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने रविवार, 25 अक्टूबर को बरहट वार्ड नंबर-1 स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में छापेमारी कर कथित तौर पर 8 ग्राम स्मैक बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने दुकान संचालक साहिद (27 वर्ष), पिता नौशाद, निवासी बरहट वार्ड नंबर-1, थाना पलासी, जिला अररिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान के दराज से 2040 रुपये नकद भी बरामद कर जब्त किए हैं।
पलासी थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक रौशन कुमार सिंह रविवार को पुलिस बल के साथ मादक पदार्थों की बरामदगी, अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच के लिए गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान शाम करीब 4:15 बजे पुलिस टीम बरहट वार्ड नंबर-1 स्थित मस्जिद के पास पहुंची। वहां एक व्यक्ति जल्दबाजी में अपनी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान बंद करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उक्त दुकानदार कथित रूप से स्मैक का कारोबार करता है। इसके बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के निर्देश पर दुकान और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।
तलाशी से पहले आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 के तहत नोटिस दिया गया। तलाशी के विकल्प के संबंध में पूछे जाने पर उसने पुलिस के समक्ष तलाशी देने की सहमति जताई। स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस दल में शामिल चौकीदार विनय कुमार मांझी और सिकंदर मांझी को गवाह बनाया गया।
इसके बाद दुकान के दराज की तलाशी ली गई। पुलिस का दावा है कि वहां से अलग-अलग डिब्बों में रखी तीन खेपों में स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन से तौलने पर एक पोटली का वजन 2 ग्राम, छह पुड़ियों का वजन 3 ग्राम तथा अन्य छह पुड़ियों का वजन 3 ग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल 8 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है।