दिलीप विश्वास पलासी, अररिया, पलासी (अररिया)। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर पलासी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में मंगलवार को नौ कन्याओं को आमंत्रित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान कन्याओं को भोजन कराया गया तथा दान-दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
प्रखंड क्षेत्र के पलासी, किसान चौक, भटवार, खपड़ा, कनखुदिया, कलियागंज, उरलहा, रामनगर, बलुआ डियोढ़ी, धर्मगंज एवं जुरैल स्थित दुर्गा मंदिरों में मंदिर कमिटी के सदस्यों द्वारा कन्या पूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र के दौरान कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है। इसी परंपरा के तहत मंदिरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनके पैर धोए गए, तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।
पूजा के बाद सभी कन्याओं को दान-दक्षिणा एवं उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान मंदिर कमिटी के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। पूरे क्षेत्र में दुर्गापूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिरों में श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
कन्या पूजन के इस आयोजन से मंदिर परिसरों में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।