दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी प्रखंड की रामनगर पंचायत के कुम्हिया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता बीबी नाहिदा ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। साथ ही पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना बीते चार सितंबर की संध्या की बताई गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर रिजवान आलम, आजाद, तौसीफ, साजन, शहर बानो, असमीना, सोनी और गजाला एक साथ आए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्हें कोई बचा नहीं पाएगा।
इधर, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।