पचना गांव के समीप हथियारबंद बदमाशों ने CSP संचालक से लूटे 1.62 लाख रुपये, मारपीट कर किया घायल।
अरविन्द कुमार की रिपोर्ट शेखपुरा।
शेखपुरा में अपराधियों का तांडव, गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी
शेखपुरा जिले में शनिवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पचना गांव के समीप अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक CSP संचालक के साथ मारपीट कर बैग में रखे 1 लाख 62 हजार रुपये नगद, टैब और मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल CSP संचालक की पहचान पचना गांव निवासी स्वर्गीय कामेश्वर मालाकार के 56 वर्षीय पुत्र बृजनंदन मालाकार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि बृजनंदन मालाकार प्रत्येक दिन की तरह CSP से कार्य कर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पचना गांव के मोड़ के समीप पहले से घात लगाए अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और CSP संचालक के साथ मारपीट करते हुए बैग में रखे 1.62 लाख रुपये, टैब और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं सूचना मिलते ही ASP डॉ. राकेश कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल CSP संचालक से घटना की जानकारी ली।
ASP डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि CSP संचालक के साथ मारपीट और गोलीबारी की सूचना मिली है। गोली घायल को नहीं लगी है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जिले के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी एवं जांच-पड़ताल की जा रही है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है
बाइट:ASP डॉ राकेश कुमार