अररिया:- डॉक्टर दीपक कुमार मारपीट विवाद को लेकर IMA की अहम बैठक रेड क्रॉस सोसायटी अररिया परिसर में आयोजित की गई। बैठक में मौजूद डॉक्टरों ने एक स्वर में सीनियर डिप्टी कलेक्टर रामबाबू से सार्वजनिक माफी की मांग की। चिकित्सकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो अररिया सहित पूरे बिहार में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 12 फरवरी को डीएम विनोद दूहन द्वारा जिले में फर्जी नर्सिंग होम और फर्जी डॉक्टरों की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में जांच टीम फारबिसगंज स्थित डॉक्टर दीपक कुमार के क्लिनिक पहुंची, जहां जांच के दौरान डॉक्टर और टीम के बीच हाथापाई की घटना हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया। 
घटना के विरोध में फारबिसगंज के डॉक्टर पिछले दो दिनों से हड़ताल पर हैं और संबंधित पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर अररिया में आयोजित IMA की बैठक में बड़ी संख्या में डॉक्टरों ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई। बैठक में डॉक्टर सुदर्शन झा, डॉक्टर आमिर अली, डॉक्टर नीलेश प्रधान, डॉक्टर आसिफ रसीद, डॉक्टर तेजस्वी मिश्रा, डॉ शहवाज हसन खां, डॉक्टर अलका कुमारी, डॉक्टर सुशील कुमार सिंह, डॉक्टर अरशद हुसैन, डॉक्टर पी के झा, डॉक्टर एस आर झा और अनामिका माला सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे। साथ ही MR एसोसिएशन की ओर से रणजीत कुमार समेत दर्जनों प्रतिनिधियों ने समर्थन दिया।
बैठक के दौरान डॉक्टर मोईज आलम ने कहा कि बंद कमरे में फोन के माध्यम से मांगी गई माफी को डॉक्टर समुदाय स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मारपीट का वीडियो सार्वजनिक हुआ और पूरे बिहार ने घटना देखी, उसी तरह सार्वजनिक और विजुअल माफी भी जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी पदाधिकारी द्वारा डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो।
चिकित्सकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
