राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय मैराथन का आयोजन

अररिया: राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय मैराथन एवं खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन से पूर्व जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस की ओर से जिलाधिकारी का पौधा देकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान आज समाज की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि बेटियों को समान अवसर मिलें और वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं को खेल के प्रति जागरूक रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, साहस और आत्मविश्वास के दम पर महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया गया। इसके बाद 100 मीटर दौड़ की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर की गई, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति कविता कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि सरोजनी नायडू स्वतंत्र भारत की पहली महिला राज्यपाल रहीं और उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने छात्राओं को खेल, पढ़ाई और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित बच्चियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

राष्ट्रीय महिला दिवस के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद की स्पर्धाएँ आयोजित की गईं। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के लोगोयुक्त टी-शर्ट और टोपी प्रदान की गई, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखा गया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक ट्रॉफी एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगोयुक्त ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह जिला प्रोग्राम पदाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विजेताओं में 100 मीटर दौड़ में अंजू कुमारी प्रथम, माही प्रिया द्वितीय और साविया इम्तियाज तृतीय स्थान पर रहीं।

200 मीटर दौड़ में प्रकृति प्रभाकर प्रथम, माही प्रिया द्वितीय, स्नेहा कुमारी तृतीय और लाडली परवीन चतुर्थ स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में प्रकृति प्रभाकर प्रथम, रानी कुमारी द्वितीय, ललिता कुमारी तृतीय और साबिया इम्तियाज चतुर्थ रहीं।

800 मीटर दौड़ में सिमरन कुमारी प्रथम, दीपा कुमारी द्वितीय और ज्योति कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद प्रतियोगिता में अंजू कुमारी ने प्रथम, स्नेहा कुमारी ने द्वितीय तथा श्रुति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में जिला स्तर के कई अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे, जिनमें जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई शम्भु कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग दिलीप कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना राशिद नवाज, जिला खेल पदाधिकारी सान्याल कुमार, डीपीएम महिला एवं बाल विकास निगम लोभा कुमारी, सीडीपीओ रानीगंज संगीता कुमारी, सीडीपीओ जोकीहाट अहमद रजा खान, सीडीपीओ आशीष नंदन, जिला समन्वयक महिला विकास एवं बाल निगम सोहेब रूमी, जेंडर स्पेशलिस्ट अनुज कुमार, समाजसेवी कमाले हक, खेल शिक्षक नौशाद आलम एवं योगेश शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्राएँ मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन नरसिंहनाथ मंडल और मुशीर आलम ने किया।

इस आयोजन ने जिले में महिला सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का मजबूत संदेश दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया गया, जो भविष्य में उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *