एडिशनल कलेक्टर पर अभद्रता का आरोप, कार्रवाई की मांग

अररिया: फारबिसगंज में डॉ दीपक राज के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार और हाथ उठाने के आरोपों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। वंचित मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक और सिकटी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी डॉ शत्रुघ्न मंडल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की मांग उठाई है।

डॉ मंडल ने बयान जारी कर कहा कि

डॉ मंडल ने बयान जारी कर कहा कि एडिशनल कलेक्टर राम बाबू प्रसाद द्वारा डॉक्टर के साथ कथित अभद्रता न केवल संवैधानिक अधिकारों का हनन है, बल्कि इससे पूरे चिकित्सकीय जगत की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पद पर बैठे अधिकारी से इस प्रकार के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इस तरह की घटना की जाती है तो यह आम नागरिकों के अधिकारों के लिए भी चिंता का विषय है। डॉ मंडल ने राज्य सरकार से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेने और दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

डॉ मंडल ने कहा कि सरकार को इस मामले की गंभीरता समझते हुए अगले 72 घंटे के भीतर स्पष्ट कदम उठाने चाहिए। यदि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होती है तो वंचित मुक्ति मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को लेकर राज्य के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर न्याय की मांग की जाएगी।

घटना को लेकर चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। कई लोगों ने प्रशासनिक जवाबदेही और अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्थानीय स्तर पर यह मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। अब सभी की नजरें सरकार और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *