पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा पहुंचकर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के रूप में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के बाद विधानसभा परिसर में समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। मौके पर जन सुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र एवं समस्त बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, लोकतंत्र के इस नए अध्याय के लिए बांकीपुर और पूरे बिहार को बधाई। जनसेवा, जनभागीदारी और बिहार के बेहतर भविष्य की दिशा में यह नई शुरुआत सफल हो-यही कामना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशांत किशोर के विधायक बनने से जन सुराज को विधानसभा में सीधी आवाज मिलेगी और बिहार के मुद्दों को लेकर नई बहस की शुरुआत होगी। वहीं शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका लक्ष्य बांकीपुर के विकास के साथ-साथ पूरे बिहार में शिक्षा,रोजगार और सुशासन को प्राथमिकता देना है।
संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट