दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने बुधवार को पलासी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का शिड्युल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों एवं महत्वपूर्ण पंजियों के संधारण की स्थिति की जांच की। डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थिति पंजी, सेवा पुस्तिका, सेरात पंजी, अतिक्रमण पंजी सहित विभिन्न पंजियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने प्रखंड कार्यालय में अंकेक्षण पंजी, रोकड़ पंजी, षष्ठम वित्त योजना पंजी सहित अन्य अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए बीडीओ कुमार अनिकेत को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने, अभिलेखों का सही तरीके से संधारण करने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
प्रखण्ड व अंचल कार्यालय परिसर में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सीधे आम लोगों से जुड़े हैं। ऐसे में कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को समय पर बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अररिया नवनील कुमार सहित प्रखंड के जनप्रतिनिधि, बीडीओ कुमार अनिकेत, सीओ अंशु कुमार सिंह समेत प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.