दिलीप बिश्वास, पलासी/अररिया। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलासी थाना पुलिस ने गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर देसी चुलाई शराब बरामद की और एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि एक महिला आरोपी मौके से फरार हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को पु०अ०नि० रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में छापेमारी के लिए निकली थी। टीम में पु०अ०नि० अमरनाथ राय, एएलटीएफ के सदस्य तथा महिला बल शामिल थे। करीब 1:10 बजे पुलिस टीम किसान चौक पहुंची, जहां सूचना मिली कि बड़गांव संथाली बस्ती में एक महिला चोरी-छिपे शराब बेच रही है।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक महिला घर से निकलकर भागने लगी। महिला बल ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रही। ग्रामीणों ने उसकी पहचान सुखी हांसदा (करीब 30 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां रसोईघर से करीब 3 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस टीम मनपुरा गांव की ओर रवाना हुई। वहां चौक के पास पुलिस वाहन को देखकर कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम रोबीन कुमार (20 वर्ष), पिता उपेन्द्र यादव, वार्ड संख्या 13 बढ़ौली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 100 पाउच देसी चुलाई शराब बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त शराब के साथ युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया। सभी जब्त सामग्री को मालखाना में सुरक्षित रखा गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।