दिलीप बिश्वास, पलासी/अररिया:
पलासी थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 13 फरवरी की रात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में पु०अ०नि० रत्नेश कुमार, रु०नि० विजय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
निर्धारित योजना के तहत रात्रि करीब 12:10 बजे बढ़ौली वार्ड संख्या-13 स्थित अनिल यादव के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने पहले घर की घेराबंदी की, इसी दौरान आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत नोटिस देकर विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर से 100 एमएल की 8 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। साथ ही माचिस की डिब्बी में छिपाकर रखी गई 13 पुड़िया स्मैक, जिसका वजन लगभग 10 ग्राम बताया जा रहा है, भी पुलिस ने जब्त किया। बरामद सभी सामग्री को मौके पर ही सीलबंद कर जब्ती सूची तैयार की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अररिया जेल भेज दिया है। मामले में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के क्रय-विक्रय व भंडारण से जुड़े आरोपों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जरूरी थी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समाज को इस खतरे से बचाया जा सके।