कहरा प्रखंड के चैनपुर की प्रतिभाशाली गायिका शांभवी झा ने राजधानी पटना में आयोजित ‘मंगल पाण्डेय केवल सच सम्मान 2026’ समारोह में अपनी मधुर गायन प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। अधिवेशन भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सहरसा: कहरा प्रखंड के चैनपुर एवं डॉ. रहमान चौक, सहरसा की रहने वाली युवा गायिका शांभवी झा ने राजधानी पटना में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। पटना सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित ‘मंगल पाण्डेय केवल सच सम्मान 2026’ समारोह में शांभवी की सुरीली आवाज ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, कला, संस्कृति एवं खनन मंत्री प्रमोद कुमार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सहरसा विधायक आई.पी. गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने शांभवी झा की गायन प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित संपादक ब्रजेश मिश्रा एवं नीलेन्दु झा ने भी शांभवी की प्रस्तुति को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनकी आवाज में गहराई, आत्मविश्वास और मंच संचालन की उत्कृष्ट क्षमता दिखाई देती है। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को संगीत के रंग में रंग दिया।
शांभवी झा कोसी क्षेत्र के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं ब्रज किशोर ज्योतिष संस्थान के संस्थापक तरुण झा तथा वरिष्ठ कवयित्री अंजु झा की पुत्री हैं। संगीत के क्षेत्र में उनकी सफलता के पीछे उनके गुरु प्रो. गौतम सिंह एवं भारती सिंह का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है। दोनों गुरुओं ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में और बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार, शांभवी झा अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। विभिन्न सांस्कृतिक महोत्सवों और संगीत कार्यक्रमों में उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा है। उनकी मधुर आवाज और मंच पर आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उन्हें युवा प्रतिभाओं की पहचान दिलाई है।
पटना में मिली इस सफलता के बाद सहरसा जिले, विशेषकर चैनपुर गांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि शांभवी झा ने अपनी प्रतिभा के बल पर सहरसा का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम गौरवान्वित करेंगी।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट।