पूर्णिया में ईद-उल-अजहा के अवसर पर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों को मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और शांति का संदेश देते हुए लोगों से मुलाकात की।
ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचकर दी बधाई
पूर्णिया। ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों का भ्रमण कर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के मौके पर लोगों से मुलाकात कर आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, सांसद सुबह सबसे पहले लाइन बाजार स्थित सज्जादिया ईदगाह पहुंचे, जहां ईद की नमाज के लिए एकत्र लोगों से मुलाकात कर उन्हें मुबारकबाद दी। इसके बाद उन्होंने खजांची हाट जामा मस्जिद समेत नगर निगम क्षेत्र के कई अन्य मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा किया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और ईद की बधाईयों का आदान-प्रदान हुआ।
भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश
इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, इंसानियत और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में एक-दूसरे के प्रति सहयोग, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की पहचान सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी संस्कृति से रही है, जहां सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर पर्व-त्योहार मनाते हैं।
उन्होंने लोगों से समाज में एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने की अपील करते हुए क्षेत्र की तरक्की और सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। साथ ही पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत, दिवाकर चौधरी, संजय सिंह, नगर प्रतिनिधि वैश खान, सुडु यादव, अशोक दास, हरिष चौधरी, अरुण यादव, डबलू खान, मो समिउललाह, सुमित यादव, अली खान, आलोक अकेला, सोनू यादव, संगम और नितेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।