अररिया: सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान और आत्मविश्वास के साथ उभरा है। सीमांचल क्षेत्र सहित अररिया में भी सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, आवास, गैस कनेक्शन, बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है, जिससे आम लोगों के जीवन में बदलाव देखने को मिला है।
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने इसे देश के लिए बदलाव और विकास का दौर बताया। सांसद ने कहा कि 26 मई 2014 को शुरू हुई यात्रा ने भारत को नई दिशा देने का काम किया है। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में सेवा, संकल्प, सुशासन और विकास को केंद्र में रखकर कई योजनाओं को लागू किया गया, जिससे देश के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचा।
सांसद ने कहा कि देश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सड़क, रेल, स्वास्थ्य, बिजली और डिजिटल सेवाओं का विस्तार तेजी से हुआ है। उन्होंने दावा किया कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं के लिए अवसर सृजित करने की दिशा में कई योजनाएं प्रभावी साबित हुई हैं। सांसद के अनुसार, बीते वर्षों में सरकारी सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ी है, जिससे आम लोगों को सुविधाएं प्राप्त करने में आसानी हुई है।
सीमांचल क्षेत्र में विकास का दावा
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र, विशेष रूप से अररिया में पिछले वर्षों के दौरान कई बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। सड़क संपर्क, रेलवे कनेक्टिविटी, बिजली आपूर्ति, शौचालय निर्माण, आवास योजना और गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म की पहुंच बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी बदलाव दिखाई दे रहा है।
‘गूगल मैप विकास की कहानी बता रहा’
सांसद ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हुए बदलाव को समझने के लिए “गूगल मैप” भी विकास का प्रमाण माना जा सकता है। उनके अनुसार, जहां पहले बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, वहां अब सड़क, पुल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार देखा जा सकता है। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जनता की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
अररिया से संवाददाता की रिपोर्ट।