अररिया। अररिया मंडल कारा में तैनात कक्षपाल राकेश कुमार यादव की मंगलवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। वे Ex-Army कोटा से वर्ष 2015 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में अररिया मंडल कारा में पदस्थापित थे। जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पहले जेल चिकित्सक से उनका प्राथमिक इलाज कराया गया।
जेल प्रशासन के मुताबिक, स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर करीब 11 बजे दूसरे कक्षपाल मुकेश कुमार उन्हें इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां राकेश कुमार यादव ने चेस्ट पेन की शिकायत की, जिसके बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत, शोक की लहर
जेल अधीक्षक सुजीत कुमार झा के अनुसार, पूर्णिया रेफर किए जाने की प्रक्रिया के दौरान करीब दोपहर 2 बजे राकेश कुमार यादव अचानक गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब 2:15 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व सैनिक रहे राकेश की अचानक मौत की खबर से जेल प्रशासन, पुलिस महकमे और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने घटना को दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पूर्व सैनिक थे राकेश यादव
राकेश कुमार यादव मूल रूप से मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित डीएबी कॉलेज के समीप के निवासी बताए जा रहे हैं। वे पूर्व सैनिक भी रहे थे और अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलने के बाद सहकर्मियों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
