अररिया में जन भागीदारी सप्ताह शुरू, डीएम ने किया उद्घाटन

अररिया में जन भागीदारी सप्ताह की शुरुआत हो गई है। डीएम विनोद दूहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का उद्घाटन किया और जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य बताया।

अररिया। अररिया में “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) अभियान योजना के तहत 18 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित होने वाले जन भागीदारी सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय गरिमा उत्सव–2026 के अंतर्गत अभियान का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी गई।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती और जनजातीय बहुल गांवों व टोलों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि 19 मई से 25 मई तक चिन्हित गांवों में विभिन्न विभागों की ओर से विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

स्वास्थ्य शिविर, जन सुनवाई और जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

अभियान के तहत जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। चिन्हित स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। जिला कल्याण पदाधिकारी को नशा मुक्ति और बाल विवाह उन्मूलन को लेकर नुक्कड़ नाटक कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं के माध्यम से लोगों को योजनाओं के लाभ और शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी। जनजातीय समुदाय के बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया है।

20 मई को प्रखंड स्तरीय अधिकारी चिन्हित गांवों में पैदल मार्च कर लोगों को 21 से 23 मई तक होने वाली जन सुनवाई के प्रति जागरूक करेंगे। संयुक्त शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ा जाएगा तथा शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। 24 मई को लाभुकों और योजनागत लाभ का प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जबकि 25 मई को अभियान की उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि जनगणना के तहत मकान सूचीकरण कार्य 71.45 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं सहयोग शिविरों में अब तक करीब 900 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *