बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी व नशा मुक्त समाज बनाने को सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण
पलासी, अररिया | अररिया जिले के पलासी प्रखंड सभागार में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन नई दिल्ली, जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज, महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले को बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त, बाल यौन शोषण मुक्त, मानव तस्करी मुक्त एवं नशा मुक्त समाज की दिशा में जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा बाल विवाह रोकथाम के उपायों को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। आंगनबाड़ी सेविकाओं की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। प्रशिक्षण के दौरान बाल विवाह के सामाजिक, कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किशोरियों को हेल्पलाइन नंबर 1098, 112 और 181 की जानकारी उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुमन कुमारी ने की, जबकि संचालन एवं प्रशिक्षण का कार्य जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज के अध्यक्ष संजय कुमार ने किया। उन्होंने सेविकाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और बाल विवाह रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
सरकारी योजनाओं व महिला सशक्तिकरण पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत नारी शक्ति योजना और सामाजिक पुनर्वास योजना की भी जानकारी दी गई। जिला मिशन समन्वयक एवं जेंडर स्पेशलिस्ट ने महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि बाल विवाह समाज के विकास में बड़ी बाधा है और इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम के समापन पर महिला पर्यवेक्षिका बबीता कुमारी एवं सोनाली कुमारी की उपस्थिति में जिला समन्वयक दीपक कुमार पासवान और मो. रिजवान द्वारा प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। मौके पर पूनम देवी, सरस्वती देवी, बेबी शैलेजा, मेनका कुमारी, अंजूला कुमारी, प्रियदर्शिनी राही, निकहत नाज, श्यामा देवी, गुलाबरानी सहित कई सेविकाएं एवं कर्मी मौजूद रहे।
पलासी, अररिया | दिलीप विश्वास की रिपोर्ट
