भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी जवानों पर हमला, सामान छुड़ाया

फुलकाहा थाना क्षेत्र के कोशिकापुर गांव स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तस्करों और परिजनों ने एसएसबी जवानों पर किया हमला, प्राथमिकी दर्ज

अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र स्थित भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र के कोशिकापुर गांव में एसएसबी सिविल विंग के जवानों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब जवान सीमा क्षेत्र में तस्करी के सामान को जब्त करने की कार्रवाई कर रहे थे। आरोप है कि तस्करों और उनके परिजनों ने जवानों पर हमला कर जब्त सामान छुड़ा लिया और जवानों को मौके से खदेड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बॉर्डर के रास्ते एक ऑटो पर फूल और कपड़े लादकर नेपाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एसएसबी सिविल विंग के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए वाहन को रोककर जांच शुरू की। जांच के दौरान जवानों ने सामान को जब्त करने की कार्रवाई की, जिसके बाद मौके पर मौजूद तस्करों और उनके परिजन आक्रोशित हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, जवानों द्वारा अपना परिचय देने के बावजूद महिलाओं और तस्करों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान जब्त किए गए कपड़े और फूलों को छुड़ा लिया गया। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने जवानों को कुछ दूरी तक खदेड़ दिया। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

पुलिस और एसएसबी ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही फुलकाहा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष गुलशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं, एसएसबी जवानों ने भी अपने वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई हैं।

प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

इस मामले में फुलकाहा एसएसबी कैंप के एएसआई ज्योतिष प्रसाद बोरा की ओर से रुस्तम, पिता स्वामी मियां सहित 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ फुलकाहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *