- पलासी थाना क्षेत्र के डेहटी गांव से 15 वर्षीय नाबालिग के अगवा होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आधा दर्जन आरोपितों पर एफआईआर दर्ज कर न्याय की मांग की है।
दिलीप बिश्वास पलासी/अररिया:-
पलासी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहटी गांव से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अगवा होने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई मो वासिक ने मुख्य आरोपी मो एहतसाम सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। अन्य आरोपितों में मो शमीम, बीबी महजबी, मेराज आलम, बीबी कहकशां व मो रिंकू के नाम शामिल हैं।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता अपने नाना के घर से वापस लौट रही थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने जब उसकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि मुख्य आरोपी मो एहतसाम ने उसे कथित रूप से अगवा कर कहीं छिपा दिया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब परिजन इस संबंध में आरोपी के घर जानकारी लेने पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की और धमकी दी कि लड़की का कोई पता नहीं चलेगा। घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता व्याप्त है और जल्द से जल्द नाबालिग की बरामदगी की मांग उठ रही है। पलासी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।