केडिया पट्टी में घर का दरवाजा बंद कर लाखों की चोरी

अररिया। आर एस थाना क्षेत्र के केडिया पट्टी वार्ड नंबर 4 में बीती रात चोरी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकद, जेवरात और मोबाइल समेत हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदु देवी के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 8 आना सोने के गहने, एक भरी चांदी की अंगूठी, 5 भरी चांदी का पायल, 10 हजार रुपये नगद और एक Redmi Note 8 मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान चोरों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।

परिजनों के अनुसार, जब घर के अंदर मौजूद लोगों को कुछ आहट महसूस हुई और उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद पाया गया। इसके बाद पड़ोसियों को आवाज दी गई, जिनकी मदद से दरवाजा खोला गया। तब तक चोर फरार हो चुके थे। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने गुरुवार को आरएस थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत देने की कोशिश की। परिजनों का कहना है कि उन्होंने थाने में मौजूद कर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी, जहां आवेदन लिखकर देने को कहा गया। परिवार ने न्याय की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।

दूसरी ओर, जब इस संबंध में थाना प्रभारी अंकुर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें अब तक इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है और न ही कोई आवेदन मिला है। ऐसे में सवाल उठता है कि पीड़ित द्वारा सूचना देने के बावजूद मामला थाने तक औपचारिक रूप से क्यों नहीं पहुंच पाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन का जीना मुश्किल हो गया है। लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *