सुपौल में दिनदहाड़े हथियार के बल पर मवेशी व्यापारियों से 25 लाख की लूट

  • सुपौल में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने मवेशी व्यापारियों से 25 लाख लूट लिए। वार्ड 22 की घटना से दहशत, पुलिस जांच में जुटी।

सुपौल: जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के वार्ड 22 में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने दो मवेशी व्यापारियों से करीब 25 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी मो नवाब और मो शहजाद, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के निवासी हैं, पिछले करीब दस वर्षों से सुपौल में रहकर मवेशी खरीद-बिक्री का कारोबार कर रहे हैं। दोनों व्यापारी सुपौल नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 में किराए के कमरे में रहते हैं। बताया गया कि बुधवार सुबह दोनों व्यापारी मवेशी हाट सिंहेश्वर जाने के लिए अपने कमरे से निकले थे।

जैसे ही दोनों व्यापारी सदर बाजार के वार्ड 22 स्थित एक गली से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे। अपराधियों ने कनपट्टी पर हथियार सटा कर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पीड़ितों के अनुसार बैग में करीब 25 लाख रुपये नकद थे, जिसे अपराधी लूटकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

सुपौल में दिनदहाड़े 25 लाख की लूट, हथियार के बल पर मवेशी व्यापारियों से वारदात

घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यापारियों ने सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने बाजार क्षेत्र और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास के दुकानों और गलियों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि व्यापारियों और आम लोगों में फैले भय को दूर किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *