पटना। बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद यह माना जा रहा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय भी नीतीश कुमार ही करेंगे।
शुक्रवार शाम पटना स्थित एक अणे मार्ग के मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधानमंडल दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, विधान पार्षद, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। माना जा रहा है कि बैठक में राज्यसभा नामांकन के बाद की राजनीतिक स्थिति और नए नेतृत्व को लेकर चर्चा हो सकती है।
बैठक में शामिल होने पटना पहुंचे ललन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में कोई भी बड़ा फैसला हमेशा नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही होता है। उन्होंने कहा कि आज तक ऐसा कोई उदाहरण नहीं है जब नीतीश कुमार की इच्छा के खिलाफ कोई निर्णय लिया गया हो। इसलिए नए मुख्यमंत्री का चयन भी उनके निर्देश के अनुसार ही किया जाएगा।
दरअसल, गुरुवार को नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर नई राजनीतिक पारी की घोषणा की। इसके बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री का चयन होगा।
इस बीच विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी ललन सिंह ने प्रतिक्रिया दी। विपक्ष का कहना है कि भाजपा की रणनीति के तहत नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजा जा रहा है। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी बातें राजनीतिक भ्रम फैलाने के लिए की जा रही हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि सभी निर्णय नीतीश कुमार के नेतृत्व और सहमति से ही होते हैं।
जदयू कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कालिख पोते जाने के मामले पर भी ललन सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग नीतीश कुमार के स्वभाव और राजनीतिक शैली को नहीं जानते, वही इस तरह की हरकत कर सकते हैं।
वहीं, बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा या जदयू से, इस सवाल पर भी उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया। ललन सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर अंतिम फैसला भी नीतीश कुमार ही करेंगे। ऐसे में अब सभी की नजरें जदयू की बैठक और नीतीश कुमार के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हुई हैं।