संवाददाता – अशरफ आलम, जोकीहाट/अररिया
अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम मशीन काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एटीएम काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर और एक बोलेरो पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात नियमित गश्ती के दौरान यह सफलता हाथ लगी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार झा ने बताया कि पुलिस की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रात करीब दो बजे हरदार स्थित एटीएम केंद्र के सामने एक उजले रंग की बोलेरो पिकअप (नंबर HR74B6310) खड़ी दिखाई दी। देर रात एटीएम के सामने संदिग्ध तरीके से खड़ी गाड़ी को देखकर पुलिस को शक हुआ और टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही वाहन चालक गाड़ी लेकर गांव की ओर तेजी से भाग निकला, जबकि एटीएम के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे कुछ लोग मौके से फरार होने लगे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी अभियान चलाते हुए चार संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के नूंह और पलवल जिले के रहने वाले सरफराज (46 वर्ष), मो. जुबेर, साबिर (20 वर्ष) और रियाज मोहम्मद उर्फ बाद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका एक साथी मो. वकील पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में गिरोह ने कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपियों ने बताया कि उनका नेटवर्क बिहार के अलग-अलग जिलों में सक्रिय था। गिरोह पहले विभिन्न जगहों पर जाकर एटीएम मशीनों की रेकी करता था। इसके बाद सुनसान स्थान या देर रात गैस कटर मशीन की मदद से एटीएम को काटकर उसमें रखे नकदी को निकालने की योजना बनाता था।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि जब एटीएम चोरी की योजना सफल नहीं हो पाती थी, तब गिरोह के सदस्य रास्ते में घूम रहे आवारा मवेशियों की चोरी कर लेते थे। बाद में इन मवेशियों को जोकीहाट के थपकोल निवासी मो. शाहिद और जिकरुल नामक व्यक्तियों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उनके किराए के ठिकाने पर भी छापेमारी की। वहां से गैस कटर मशीन, बड़ा और छोटा गैस सिलेंडर, गैस पाइप, लोहे का सरिया सहित कई उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल एटीएम काटने में किया जाता था।
इस मामले में पुलिस ने कुल सात लोगों को नामजद किया है। फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार बिहार के कई अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीम सक्रिय है।