जिला परिषद की जमीन पर कब्जे से छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी संकट में

जहानाबाद। शहर की उठा सब्जी मंडी में फैली अव्यवस्था और स्थायी अतिक्रमण को लेकर फुटपाथ दुकानदारों ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स के प्रतिनिधि अरविंद कुमार चोपड़ा ने इस संबंध में उप विकास आयुक्त सह डॉक्टर प्रीति कुमारी से मुलाकात कर फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं से अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान बताया गया कि मंडी क्षेत्र में स्थायी अतिक्रमण के कारण बड़ी संख्या में छोटे दुकानदारों को सड़क किनारे सब्जी बेचकर अपनी जीविका चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। आरोप लगाया गया कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने जिला परिषद की बहुमूल्य जमीन पर कब्जा कर कारोबार शुरू कर दिया है, जिससे गरीब और छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

दुकानदारों का कहना है कि मंडी में नाली का गंदा पानी ऊपर से बहता है, जिससे तय किए गए वेंडिंग जोन में दुकान लगाना संभव नहीं हो पाता। इस समस्या की शिकायत पहले भी प्रशासन से की गई थी, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। बैठक के दौरान इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई गई।

फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पहले अस्थायी दुकानदारों को बस स्टैंड परिसर में व्यवस्थित करने की पहल की गई है, जो सराहनीय कदम है। वहां पेयजल, साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय और प्रकाश व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे कई दुकानदारों को राहत मिली है।

साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि उठा सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाकर वेंडिंग जोन को व्यवस्थित किया जाए, ताकि छोटे दुकानदार बिना किसी बाधा के अपना व्यवसाय कर सकें। दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा और गरीब व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *