बथनाहा:- भारत-नेपाल सीमा से सटे बथनाहा थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बीरपुर चौक, हटिया चौक, ततमा टोली सहित कई स्थानों पर नशीली पदार्थों की रोकथाम के लिए सघन सर्च अभियान चलाया गया। 
संयुक्त कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल रहे। नशीली पदार्थों की जांच के लिए विशेष रूप से डॉग स्क्वॉड ‘लिपि’ और ‘रॉकेट’ की तैनाती की गई, जिनकी मदद से संदिग्ध स्थानों पर गहन तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। 
फोर्स ने चौक-चौराहों पर गश्त करते हुए आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया। छापेमारी के दौरान कई जगहों पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के मौके पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
थाना प्रभारी ने कहा कि होली के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे त्योहार को मिलजुलकर मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। 
स्थानीय लोगों ने इस अभियान का स्वागत किया और कहा कि इससे सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। पुलिस और SSB का यह संयुक्त प्रयास न केवल त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने में सहायक होगा, बल्कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में भी अहम साबित होगा।