-
अररिया के कृष्णापुरी में Panorama E-Homes Group के प्रोजेक्ट पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी, सीमांचल के कई जिलों में एक साथ सर्च ऑपरेशन से हलचल।
अररिया: सीमांचल के रियल एस्टेट सेक्टर में सक्रिय Panorama E-Homes Group के विभिन्न ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। मंगलवार सुबह से अररिया जिले के कृष्णापुरी स्थित ग्रुप के एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिससे पूरे इलाके में चर्चा और हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। छापेमारी में 7 से 8 आयकर अधिकारियों की टीम शामिल रही, जो दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान प्रोजेक्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ग्रुप के संस्थापक और सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े प्रमुख ठिकानों पर केंद्रित है। इससे पहले आयकर विभाग ने पूर्णिया स्थित मुख्य कार्यालय, जिला स्कूल रोड के दफ्तर, E-Homes Panorama और अन्य संबंधित स्थानों पर भी एक साथ दबिश दी थी। इसके अलावा सुपौल, किशनगंज समेत सीमांचल के अन्य जिलों में भी ग्रुप के ठिकानों पर जांच की कार्रवाई जारी रही।
सूत्रों के मुताबिक, पटना से आई विशेष टीम ने पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व किया। Panorama Group सीमांचल के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में गिना जाता है, जिसके तहत पूर्णिया, अररिया, सुपौल और किशनगंज में कई आवासीय प्रोजेक्ट, डुप्लेक्स, अपार्टमेंट और विला प्रोजेक्ट संचालित किए जा रहे हैं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, ग्रुप की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी और यह प्रीमियम गेटेड कम्युनिटी व टाउनशिप विकसित करने के लिए जाना जाता है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा आयकर चोरी, काले धन और संभावित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा हो सकता है। इस कार्रवाई से ग्रुप के प्रोजेक्ट्स में निवेश करने वाले लोगों और कारोबारी वर्ग में चिंता और हलचल देखी जा रही है।