सहरसा में बेखौफ अपराध, छात्र के सिर में मारी गोली

स्कूल से घर लौटते वक्त 13 वर्षीय छात्र पर हमला, हालत चिंताजनक

सहरसा: जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा के समीप बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने निजी स्कूल से पढ़कर घर लौट रहे 7वीं कक्षा के छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घायल छात्र की पहचान अनुज कुमार निराला के 13 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। अंकित कैलाशपुरी स्थित निजी स्कूल ‘विद्यानिकेतन’ से पढ़ाई कर अपने घर सिमराहा लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही छात्र सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्र को किसने और क्यों गोली मारी।

इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े एक स्कूली छात्र पर इस तरह की वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के बीच पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है।

घटना के बाद छात्र के घर पर कोहराम मचा हुआ है। परिजन सदमे में हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *