पटना: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की ओर से मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की जाएगी। सोमवार को उनके अधिवक्ता द्वारा बेल फाइल की तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे दिन न्यायिक कार्य बाधित रहा। सुरक्षा कारणों से कोर्ट को बंद करना पड़ा, जिससे जमानत याचिका समेत कई मामलों की सुनवाई टल गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को MP-MLA कोर्ट (ACJM-1) में दोपहर से पहले इस मामले में सुनवाई हो सकती है। फिलहाल पप्पू यादव पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। जेल भेजे जाने से पहले उनका PMCH में मेडिकल परीक्षण कराया गया था। अस्पताल अधीक्षक राजीव कुमार के अनुसार स्वास्थ्य सामान्य पाया गया, हालांकि जेल ले जाते समय वे एंबुलेंस में लेटे नजर आए।
इधर, चर्चित NEET छात्रा केस में जांच तेज करते हुए पुलिस 10 नए डीएनए सैंपल लेने की तैयारी कर रही है। इससे पहले 18 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। वहीं शंभू गर्ल्स हॉस्टल के संचालक भी मंगलवार को जमानत के लिए कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
गौरतलब है कि NEET छात्रा मामला को लेकर पप्पू यादव लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों के कथित ऑडियो क्लिप जारी कर इलाज में लापरवाही के आरोप भी लगाए थे। अब सभी की नजरें कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।