महाशिवरात्रि पर जिलेभर में भक्ति का सैलाब
मंदिरों में दिनभर जलाभिषेक, रात में जागरण व शिव-पार्वती मिलन समारोह
अररिया: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार को जिला भर के देवालय “ऊं नम: शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गुंजायमान रहे। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में अल सुबह से ही पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मुख्यालय स्थित मां खडगेश्वरी काली मंदिर और ठाकुरबाड़ी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। 
शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित बाबा सुंदरनाथ धाम में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं मुख्यालय से सटे बाबा मदनेश्वर मंदिर में भी शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रानीगंज के नंदनपुर और बसेटी स्थित शिवालयों में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
कई मंदिरों में देर रात होने वाली विशेष रात्रि पूजा, शिव-पार्वती मिलन समारोह और भजन-कीर्तन कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर के बाहर रात्रि प्रवास कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने को तत्पर दिखे।
पलासी प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विशेष आयोजन किए गए। प्रखंड मुख्यालय पलासी सहित कलियागंज, बरदबट्टा, बेलबाड़ी, बलुआ ड्योढ़ी, धर्मगंज, मालद्वार और महादेव कोल स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ जलाभिषेक किया।
दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों ने पूरे जिले को शिवमय बना दिया। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाया और भगवान शिव से सुख-शांति की कामना की।