अररिया के सिकटी थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक नेपाली नागरिक को 4.92 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिकटी (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा से सटे सिकटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक नेपाली नागरिक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अमगाछी नेपाल सीमा के पास वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी के पास से 4.92 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय हरि राय के रूप में हुई है। वह पदम कुमार राय का पुत्र और नेपाल के मोरंग जिले के बेलवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदनी चौक राधा नगर वार्ड संख्या 01 का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से बरामद मोटरसाइकिल का पंजीयन संख्या को 39 प 5122 है, जिसे नेपाल नंबर की मोटरसाइकिल बताया गया है।
थानाध्यक्ष रौशन सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाला है। सूचना के आधार पर अमगाछी सीमा के पास विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 4.92 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सिकटी थाना पहुंचाया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।