दिलीप बिश्वास पलासी / अररिया नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड पलासी को बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल यौन शोषण, नशा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों से मुक्त बनाने को लेकर गुरुवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन अररिया, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन तथा जागरण कल्याण भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान के तहत धर्मगुरुओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आम जनमानस के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार एवं बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास निगम के सहयोग से संचालित बाल संरक्षण अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। बाल संरक्षण कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने बाल विवाह और बाल तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं को समाप्त करने के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।
अभियान में शामिल लोगों ने एकजुट होकर पलासी प्रखंड सहित अररिया जिले को बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल यौन शोषण और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया। लोगों से अपील की गई कि बाल विवाह या बच्चों से जुड़े किसी भी प्रकार के शोषण की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित प्रशासन एवं बाल संरक्षण तंत्र को दें।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 112 की सेविका फरहत जहां, केन्द्र संख्या 230 की सेविका बीबी साजेदा,धर्मगुरु बिशन लाल यादव, वार्ड संख्या 9 के पोठिया निवासी, डेगा मदरसा के प्रधानाध्यापक मो. अरशद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अभियान के दौरान बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।