पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पलासी थाना क्षेत्र के बरहट वार्ड संख्या-04 निवासी शमीम उर्फ शमीम अख्तर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से करीब 8 ग्राम स्मैक बरामद किया । 16 अगस्त 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान बरहट चौक के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस वाहन को देखते ही युवक इधर-उधर भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शमीम उर्फ शमीम अख्तर बताया। तलाशी के दौरान उसके पायजामे के पॉकेट से काले रंग की प्लास्टिक में रखा स्मैक जैसा पदार्थ बरामद किया। जांच में प्लास्टिक के अंदर 28 छोटी-छोटी पुड़िया मिली । इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पुड़िया सहित करीब 8 ग्राम स्मैक बरामद होने की बात सामने आई बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर जब्ती सूची तैयार की।
मामले को लेकर पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।