पलासी थाना पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान धपड़ी रेलवे औभरब्रिज के समीप कार्रवाई करते हुए 25.500 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। मौके से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान धपड़ी वार्ड नंबर दो निवासी रवि कुमार मंडल (26) के रूप में हुई है।14 अगस्त की सुबह करीब छह बजे ओडी ड्यूटी के दौरान चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली कि नेपाल से सिकटी के रास्ते एक व्यक्ति सिर पर शराब लेकर धपड़ी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस पदाधिकारी श्यामा सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार यादव एवं सशस्त्र बल के साथ धपड़ी रेलवे औभरब्रिज पहुंचे। स्थानीय चौकीदार को भी मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया।करीब 6:50 बजे पुलिस टीम ने रेलवे औभरब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति का इंतजार किया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति सिर पर बोरा और कपड़े की गठरी लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रवि कुमार मंडल, पिता स्वर्गीय कन्हैया लाल मंडल, निवासी धपड़ी वार्ड नंबर दो, थाना पलासी, जिला अररिया बताया। पुलिस के मुताबिक, उसके द्वारा फेंके गए बोरे और गठरी की तलाशी लेने पर शराब बरामद हुई।
तलाशी के दौरान उजले रंग के प्लास्टिक बोरे से 500-500 एमएल की 10 कैन गोरखा स्ट्रांग प्रीमियम बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा पांच लीटर थी। वहीं हरे रंग के कपड़े की गठरी से 500-500 एमएल की पांच कैन गोरखा स्ट्रांग प्रीमियम बीयर बरामद हुई, जिसकी मात्रा 2.500 लीटर थी। इसके अलावा 300-300 एमएल की 60 बोतल नेपाली रेशम लीची शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर बताई गई है। बरामद नेपाली बीयर की कुल मात्रा 7.500 लीटर तथा नेपाली रेशम लीची शराब की मात्रा 18 लीटर है। इस प्रकार कुल 25.500 लीटर शराब जब्त की गई। गिरफ्तार रवि कुमार मंडल को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अररिया भेज दिया गया । थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब का अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन, भंडारण एवं उत्पादन प्रतिबंधित है।