पलासी थाना पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 32.400 लीटर नेपाली शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई कनखुदिया क्षेत्र के समीप गंगझाली से बंगाबाड़ी जाने वाली ग्रामीण सड़क पर देर रात की गई। 13 अगस्त की रात करीब 12:15 बजे गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल पर बोरे में नेपाली शराब लेकर गंगझाली से बंगाबाड़ी की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान सामने से लाल रंग की मोटरसाइकिल पर दो बोरा लदा दिखाई दिया।पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन छोड़कर खेत की ओर भागने लगा। पुलिस बल ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। इसके बाद मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर लाल-सफेद बोरे से 90 बोतल तथा सफेद बोरे से 18 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। बरामद सभी 108 बोतलों में 300-300 एमएल रेशम लीची नेपाली शराब थी। कुल बरामद शराब की मात्रा 32.400 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर थाना लाया तथा शराब को मालखाना में सुरक्षित रखा गया।
जब्त मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर BR37M-3966, चेसिस नंबर MBLJAR029HGCO6740 तथा इंजन नंबर JA06ERHGC10269 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वाहन के स्वामी का नाम तनवीर आलम, पिता मुस्लिम, निवासी महियारपुर, पोस्ट कन्हैयाबाड़ी, थाना कोचाधामन, जिला किशनगंज है।
मामले में भागे हुए व्यक्ति की पहचान गौतम कुमार, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता पंचानन्द मंडल, निवासी बंगाबाड़ी, थाना पलासी, जिला अररिया के रूप में की गई है। पुलिस ने गौतम कुमार तथा वाहन स्वामी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।