स्नातक मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रतिशत में सुधार के उद्देश्य से 16 जून 2026 को अररिया टाउन हॉल में जिले के 9118 पंजीकृत स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के इतिहास में पहली बार स्नातक मतदाताओं के लिए इस तरह का संवाद आयोजित किया जा रहा है।
अररिया: जिला मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने बताया कि आगामी 16 जून 2026, मंगलवार को अररिया टाउन हॉल में जिले के सभी पंजीकृत स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्नातक मतदाताओं को उनके मतदान अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 से अब तक के 74 वर्षों के इतिहास में पहली बार अररिया जिले के स्नातक मतदाताओं के साथ इतने बड़े स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इतने हैं स्नातक मतदाता
प्रेस वार्ता के दौरान जिले में पंजीकृत स्नातक मतदाताओं की संख्या भी साझा की गई। आंकड़ों के अनुसार नरपतगंज में 927, फारबिसगंज में 1042, फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में 680, भरगामा में 876, रानीगंज में 1050, अररिया प्रखंड में 1191, अररिया नगर क्षेत्र में 904, कुर्साकांटा में 632, सिकटी में 531, पलासी में 454 तथा जोकीहाट में 811 स्नातक मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में कुल 9118 स्नातक मतदाता दर्ज हैं।
बताया गया कि सभी प्रखंडों एवं नगर परिषद क्षेत्रों के स्नातक मतदाताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता संवाद कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।
हेल्पलाइन डेस्क और भोजन की भी होगी व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल टाउन हॉल में स्नातक मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने के लिए 11 हेल्पलाइन डेस्क स्थापित किए जाएंगे। जिन मतदाताओं को यह जानकारी नहीं है कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं, वे इन हेल्पलाइन डेस्क के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में आने वाले स्नातक मतदाताओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों का मानना है कि इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ेगी और भविष्य में मतदान प्रतिशत में सुधार देखने को मिलेगा।
प्रेस वार्ता में जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रभारी, दोनों अनुमंडलों के प्रभारी, टीम रजनीश के अररिया जिला प्रभारी तथा पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।