अररिया पहुंचे प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सहयोग कार्यक्रम में लेंगे भाग

अररिया: सर्किट हाउस परिसर में प्रभारी मंत्री के स्वागत के दौरान नरपतगंज के पूर्व विधायक अचमित ऋषिदेव, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जदयू जिला अध्यक्ष समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार अररिया आने का अवसर मिला है और वे सहयोग कार्यक्रम के तहत आम लोगों की समस्याओं पर संवाद करेंगे।

प्रभारी मंत्री के अररिया पहुंचने पर हुआ स्वागत

वन एवं पर्यावरण मंत्री सह अररिया के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद सहयोग कार्यक्रम में भाग लेने सोमवार को अररिया पहुंचे। सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व वे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गॉड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। मौके पर डीएम, एसपी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

सर्किट हाउस परिसर में भाजपा एवं जदयू कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री का जोरदार स्वागत किया। नरपतगंज के पूर्व विधायक अचमित ऋषिदेव, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जदयू जिला अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुके, अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पंचायत स्तर पर होगा समस्याओं का समाधान: मंत्री

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री और अररिया के प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार अररिया आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर सहयोग कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं पर संवाद कर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि हर पंचायत में सहयोग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने की पहल की जाएगी। इसी कार्यक्रम में भाग लेने के उद्देश्य से उनका अररिया दौरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *