अररिया व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान ट्रैफिक चालान निपटान के लिए उमड़ी भीड़, 148 मामलों का हुआ निष्पादन।
अररिया:- अररिया व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालानों के निष्पादन को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार सरकार की “एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना–2026” के तहत 90 दिनों से अधिक समय से लंबित ट्रैफिक ई-चालानों का सरल एवं त्वरित निष्पादन किया गया। योजना के अंतर्गत शमन राशि में 50 प्रतिशत तक राहत मिलने के कारण वाहन स्वामियों में विशेष उत्साह देखा गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ व्यवहार न्यायालय परिसर पहुंचे। परिवहन विभाग की ओर से चालान सत्यापन, भुगतान, तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए थे। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों को काफी सहूलियत हुई।
₹4.50 लाख से अधिक राशि जमा
समाचार लिखे जाने तक कुल 148 ट्रैफिक चालानों का निष्पादन किया जा चुका था। इस दौरान 4 लाख 50 हजार 800 रुपये की शमन राशि जमा की गई। अधिकारियों ने संभावना जताई कि देर शाम तक निष्पादित मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।
लोक अदालत के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सहायता डेस्क और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया गया था। साथ ही लोगों को चालान संबंधी जानकारी देने के लिए विशेष कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य पुराने लंबित ट्रैफिक चालानों से लोगों को राहत देना, न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना है। जिला प्रशासन ने वाहन स्वामियों से समय पर चालानों का निष्पादन कराने और भविष्य में चलाए जाने वाले विशेष अभियानों का लाभ उठाने की अपील की है।
