ईद की खुशियों पर कहर बनकर टूटी आंधी-बारिश, अररिया में भारी तबाही

तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से बाजार अस्त-व्यस्त, पेड़-खंभे गिरे, तीन लोग घायल

अररिया: अररिया में शुक्रवार रात करीब 9 बजे अचानक उठी तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले में व्यापक नुकसान पहुंचाया। ईद के मौके पर जहां बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ी थी, वहीं मौसम के अचानक बदले मिजाज ने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज हवाओं के झोंकों से शहर और आसपास के इलाकों में टिन की घेराबंदियां उड़ गईं और कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े। इससे यातायात बाधित हो गया और कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

■ हादसों में तीन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
चांदनी चौक इलाके में तेज हवा के कारण एक दो मंजिला दुकान का बड़ा शीशा टूटकर नीचे गिर गया। इस घटना में शरीफ नगर निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद रुस्तम और आजाद नगर वार्ड संख्या 19 के 36 वर्षीय परवेज हसमत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सीटी स्कैन की सलाह दी। वहीं जाहगीर बस्ती में भी तेज आंधी के दौरान उड़कर आए प्लास्टिक के टुकड़े से 8 वर्षीय बालक अहन के सिर में गंभीर चोट लग गई। बच्चे की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्चतर केंद्र रेफर किया गया है।

■ बिजली आपूर्ति ठप, प्रशासन अलर्ट
तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और घना अंधेरा छा गया। लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के कई हिस्सों में पेड़ों के गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे आवाजाही प्रभावित रही। बिजली विभाग की टीमें देर रात से ही पेट्रोलिंग कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *