अररिया के जयप्रकाश नगर में किराए के कमरे में मिली लाश, संदिग्ध परिस्थितियों में युवक के आने की भी चर्चा, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

अररिया: नगर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर वार्ड संख्या 07 स्थित भूदान टोला में बुधवार दोपहर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मोना कुमारी, पिता सूर्य नारायण मंडल के रूप में हुई है। वह स्नातक पास थी और बिहार पुलिस भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मेहनत और संघर्ष के बीच खत्म हुई जिंदगी
मिली जानकारी के अनुसार मोना कुमारी किराए के मकान में अकेले रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह ट्यूशन पढ़ाकर अपने खर्च और पढ़ाई का भार खुद उठाती थी। स्थानीय लोगों और उसके सहपाठियों के मुताबिक, वह मेहनती, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर युवती थी। उसका सपना सरकारी नौकरी हासिल कर अपने परिवार की स्थिति सुधारना था।
संदिग्ध गतिविधि के बाद उठे सवाल
घटना से पहले मोहल्ले के एक कथित युवक के 2-3 बार कमरे में आने की बात सामने आई है। मकान मालिक के अनुसार युवक के जाने के बाद मोना ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक की पत्नी को शक हुआ और उन्होंने अपने पति को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर खिड़की से झांकने पर युवती को फंदे से लटका पाया गया।
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू की हो रही पड़ताल
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक के नेतृत्व में एफएसएल टीम को बुलाया गया, जो शाम करीब 6 बजे पहुंची। खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया और शव को नीचे उतारा गया।
परिजनों के अनुसार मृतका की मां मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जबकि पिता दूसरी शादी के बाद बाहर काम करते हैं। वह परिवार की अकेली संतान थी। एसडीपीओ सुशील कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और मकान मालिक से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है, लेकिन पुलिस संदिग्ध युवक सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अभी तलाशे जा रहे हैं।
