पुलिस ने की चार शराब तस्कर को गिरफ्तार, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

बिथान/समस्तीपुर।थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिट्टी लदे एक 10 चक्का ट्रक से 646.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में गिट्टी के बीच छिपाकर अंग्रेजी शराब रखी गई है। सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को पकड़कर जांच की। जांच के दौरान गिट्टी के बीच छिपाकर रखी गई 540 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से अजय कुमार ग्राम -सिरसिया,थाना- बिथान, राजा कुमार उर्फ विकास ग्राम -पुसहो, थाना-बिथान, रणविजय कुमार महतो ग्राम – पुसहो, थाना – बिथान तथा अंजेश कुमार ग्राम -परिदह, थाना- हसनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर राजा कुमार उर्फ विकास के घर पर भी छापेमारी की गई,जहां से 106.5 लीटर अंग्रेजी शराब और बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 646.5 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य तस्करों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिथान थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *