अररिया के सबसे व्यस्त बाजार में सोमवार को ऐसा जाम लगा कि लोग मिनटों में नहीं बल्कि घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। वजह बनी एक ट्रैक्टर, जिसका ईंधन बीच सड़क पर ही खत्म हो गया। इसके बाद जो हुआ, उसने शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी।
अररिया। जिले के मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाली स्टेट हाईवे सड़क पर सोमवार को करीब एक घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। जाम की वजह बीच सड़क पर खड़े एक ट्रैक्टर का ईंधन खत्म होना बताया जा रहा है। ट्रैक्टर के अचानक रुक जाने से दोनों ओर से आ रहे सैकड़ों वाहन फंस गए और कुछ ही मिनटों में सड़क पूरी तरह जाम हो गई।
स्थिति ऐसी हो गई कि लोग अपने वाहनों से उतरकर ट्रैक्टर को धक्का देकर साइड कराने की कोशिश करने लगे। काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर को थोड़ा किनारे किया गया, जिसके बाद कुछ वाहनों को निकलने की जगह मिल सकी। हालांकि दोनों ओर से लगातार वाहनों के आने की वजह से सड़क काफी देर तक जाम में फंसी रही।
व्यस्त सड़क पर जाम से ठप हुई शहर की रफ्तार
जिस सड़क पर यह जाम लगा, वह अररिया शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़क मानी जाती है। यह गोढ़ी चौक से निकलकर चांदनी चौक होते हुए जीरो माइल तक जाती है। इसी मार्ग पर व्यवहार न्यायालय, उच्च विद्यालय अररिया, मुख्य बाजार चांदनी चौक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कई निजी नर्सिंग होम और सदर अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं।
अररिया का प्रमुख बाजार भी इसी सड़क पर है, जहां प्रतिदिन लाखों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में थोड़ी सी अव्यवस्था भी पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर देती है। सोमवार को हुए जाम के दौरान मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहन, स्कूल जाने वाले बच्चे और बाजार आने वाले लोग सभी परेशान होते नजर आए।
अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण बना बड़ी समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार शहर में जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। जहां-तहां वाहन खड़ा कर बाजार करने चले जाना, सड़कों पर बढ़ती टोटो वाहनों की संख्या, और दुकानों के सामने ही वाहन खड़ा कर सवारी चढ़ाने-उतारने की प्रवृत्ति स्थिति को और बिगाड़ रही है।
मुख्य बाजार सुभाष चौक से मीर मार्केट तक बने कई बड़े दुकानों और मार्केट परिसरों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
इसके अलावा कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सर्विस रोड और फुटपाथ पर कब्जा कर दुकानें लगाने की शिकायत भी सामने आती रहती है।
बैंकों के बाहर सड़क पर खड़े वाहन भी बनते हैं कारण
जाम की समस्या का एक बड़ा कारण स्टेट हाईवे सड़क और मुख्य सड़क किनारे स्थित बैंकों के सामने होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग भी है। शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा चांदनी चौक, यूनियन बैंक और ऐक्सिस बैंक एडीबी चौक, एचडीएफसी बैंक एसपी गेट के पास और बैंक ऑफ इंडिया बस स्टैंड के समीप स्थित हैं।
इन बैंकों में आने वाले ग्राहकों के वाहन अक्सर स्टेट हाईवे सड़क के सर्विस रोड या मुख्य सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है।
यातायात प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में बड़े वाहनों जैसे ट्रैक्टर का मुख्य बाजार में प्रवेश भी जाम का कारण बनता है। वहीं कई लोगों ने यातायात पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि अगर सख्त यातायात नियम, व्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
फिलहाल अररिया की जनता रोजाना लगने वाले जाम से परेशान है और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रही है।
